युवा महोत्सव में रंगारंग बानगी
लेजर शो ने दिखाई एक दशक की प्रगति
लोकगीतों ने बांधा समां
छत्तीसगढ़ में युवा
महोत्सव के रंगारंग की शुरुआत हो गई है , राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में
छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव के पहले दिन राम मंदिर निर्माण की संघर्ष गाथा पर
आधारित नाटक ‘मैं अयोध्या हूं’ का मंचन किया गया। इसके साथ ही आकर्षक लेजर
शो के माध्यम से पिछले एक दशक में भारत की विकास यात्रा की झांकी प्रस्तुत की गई।
पहले दिन आयोजित
संगीतमय नाट्य प्रस्तुति ‘मैं अयोध्या हूं’ ने दर्शकों को अयोध्या के ऐतिहासिक,
धार्मिक और सांस्कृतिक महिमा से अवगत कराया। भगवान राम की
जन्मस्थली अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण और रामलला के विग्रह की प्राण
प्रतिष्ठा तक की गौरवशाली गाथा को इस कार्यक्रम में जीवंत किया गया। मुंबई से आए प्रदीप
गुप्ता और उनकी टीम ने इस नाट्य मंचन को प्रस्तुत किया। इस भव्य प्रस्तुति में इसे
सतयुग से लेकर कलयुग तक की यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस आयोजन में संगीतमय
संवाद,
मनमोहक नृत्य और उत्कृष्ट अभिनय ने दर्शकों को अभिभूत कर
दिया।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा
महोत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा भी युवाओं ने बिखेरी। सुप्रसिद्ध लोकगायिका
सुश्री आरु साहू ने सुमधुर छत्तीसगढ़ी लोक गीतों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा
कार्यक्रम में गौरा-गौरी, राउत नाचा, पंथी
गीत नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। युवा कलाकारों ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संत
बाबा गुरू घासी दास जी के संदेशों पर आधारित पंथी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। युवा
महोत्सव में युवाओं के लिए कहानी लेखन, चित्रकला, तात्कालिक भाषण, कविता पाठ के आयोजन के साथ ही विज्ञान मेला का भी आयोजन
किया गया। युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास
प्रदर्शनी के साथ ही युवाओं के लिए क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है।
इसके अलावा हस्तशिल्प, टैक्सटाइल और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
विगत एक दशक में हुए
विकास कार्यों और लोक कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेज़र शो के माध्यम से
प्रदर्शित किया गया।
0 टिप्पणियाँ