Ticker

6/recent/ticker-posts

AD

चंद्रयान-4 मिशन 2027 में होगा लॉन्च

 चंद्रयान-4 मिशन 2027 में होगा लॉन्च

चंद्रयान-4 मिशन 2027 में होगा लॉन्च

भारत वर्ष 2027 में चंद्रयान-4 मिशन को लॉन्च करेगा, जिसका उद्देश्य चंद्रमा की सतह से चट्टानों के नमूने एकत्र कर पृथ्वी पर लाना है. यह जानकारी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी है । चंद्रयान-4 मिशन के तहत दो अलग-अलग प्रक्षेपण किये जाने हैं , जिनमें अत्यधिक वजन ले जाने वाले प्रक्षेपण यान के माध्यम से मिशन के पांच उपकरणों को भेजा जाएगा फिर उनको अंतरिक्ष में एक-दूसरे से जोड़ा जाएगा. पीटीआई-वीडियो को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रयान-4 मिशन का लक्ष्य चंद्रमा की सतह से नमूने एकत्र करना और उन्हें पृथ्वी पर लाना है.'' भारत के इस महत्वपूर्ण मिशन पर कुछ गंभीर बातों का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि ‘‘यह उपलब्धि भारत के अन्य प्रमुख मिशन के तर्ज पर होगी और यह वैज्ञानिक उत्कृष्टता की ओर देश की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा.''

मंत्री ने बताया कि गगनयान को अगले साल अंतरिक्ष में भेजा जाएगा. मिशन के अंतर्गत भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजा जाएगा और सुरक्षित रूप से धरती पर वापस लाया जाएगा. उन्होंने कहा कि समुद्र की सतह का अन्वेषण करने के लिए 2026 में भारत समुद्रयान को भी लॉन्च करने की योजना पर काम कर रहा है , जिसमें तीन वैज्ञानिकों को एक विशेष पनडुब्बी के जरिये महासागर की 6,000 मीटर गहराई तक भेजा जाएगा.
मंत्री ने आगे बताया कि समुद्रयान मिशन महत्वपूर्ण खनिज, दुर्लभ धातुओं और अज्ञात समुद्री जैव विविधता तलाशने में मदद करेगा और देश की आर्थिक प्रगति और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा. गगनयान मिशन के तहत रोबोट 'व्योममित्र' को इस वर्ष अंतरिक्ष में भेजा जाएगा.  ‘‘पिछले 10 वर्षों में भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है.'' सिंह ने कहा, ‘‘हम अब तीसरा प्रक्षेपण स्थल बना रहे हैं, और भारी रॉकेट एवं छोटे उपग्रहों का प्रक्षेपण करने के लिए तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में एक नया प्रक्षेपण स्थल तैयार करने के साथ श्रीहरिकोटा से आगे भी विस्तार कर रहे हैं."

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ